Sirsa

शहीद भगत सिंह की फोटो लगाने का आप पार्टी को अधिकार नहीं है : मुख्यमंत्री

कलम बाण सिरसा
प्रहलाद खण्डवाल : हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सरकार की ड्यूटी भ्रष्टाचार बढ़ाना नहीं होता, कांग्रेस के भ्रष्टाचार से तंग आकर तो वहां की जनता ने आम आदमी पार्टी को मौका दिया था, लेकिन आज पंजाब में भ्रष्टाचार चरम पर है।पंजाब नशे की दलदल में फंसा है। आम आदमी पार्टी ने पंजाब की भोली भाली जनता को सब्जबाग दिखाकर धोखा देने का काम किया है।

मुख्यमंत्री सिरसा में आयोजित कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से रूबरू हो रहे थे। इस दौरान उन्होंने एक सवाल का जवाब देते हुए कहा कि पंजाब की जनता भोली जनता है, दिल्ली में मुख्यमंत्री रहते हुए अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली जैसे पेरिस बनाने के सपने पंजाब की जनता को दिखाए थे। लेकिन जब पंजाब में एक टॉवर पर ईडी की रेड पड़ती है तो कैसे नोटो की बरसात हुई, यह घटना कथित ईमानदार सरकार की पोल खोलती है। उन्होंने कहा कि शहीद भगत सिंह की फोटो लगाने का इन्हें अधिकार नहीं है, क्योंकि शहीद भगत सिंह ने आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित करने के लिए अपनी कुर्बानी दी थी, लेकिन उनके सपनों का पंजाब बनने की बजाय यह भ्रष्टाचार, घोटालों का पंजाब बन चुका है। पंजाब में तहसील, थानों में बिना पैसे काम नहीं होता। वहां की जनता परेशान है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब में बीजेपी के नेतृत्व में बनने वाली डबल इंजन की सरकार वहां विकास को तेज गति से करते हुए भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाएगी। उन्होंने इस दौरान हरियाणा में लागू की गई योजनाओं का हवाला देते हुए कहा कि प्रदेश में किसानों को एमएसपी दिया जा रहा है, आयुष्मान, चिरायु योजना का लाभ प्रदेश की जनता को मिल रहा है। इसके अलावा सोलर की स्कीम का फायदा भी प्रदेश की जनता को दिया जा रहा है। वहां सरकार बनने पर इन योजनाओं का फायदा वहां की जनता को भी मिलेगा।

एक अन्य सवाल का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण को लेकर किए गए आह्वान के मद्देनजर हरियाणा में भी इसे लागू किया गया है। इस सम्बन्ध में एसओपी जारी की गई है। खुद के फ्लीट में भी गाड़ियों की संख्या कम की है, साथ ही अधिकारियों को भी कहा है कि वर्चुअल तरीके से बैठक हो सकती है तो वो करें। इसके साथ ही पीएम श्री नरेंद्र मोदी ने आमजन से यह आह्वान भी किया है कि गाड़ी की बजाय हो सके तो पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करें, जिससे बचत हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button