Sirsa

संकल्प : आर्थिक अभाव में कोई श्रद्धालु तीर्थ यात्रा से वंचित न रहे : मुख्यमंत्री

‘सोमनाथ मंदिर के लिए भी 8 जून को रवाना होगी विशेष तीर्थ ट्रेन

कलम बाण सिरसा
प्रहलाद खण्डवाल : हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि तीर्थ यात्राएं समाज को जोड़ने का महान माध्यम होती हैं। ये यात्राएं हमारी नई पीढ़ी को अपनी जड़ों, अपनी संस्कृति और अपने संस्कारों से जोड़ती हैं। जब कोई श्रद्धालु तीर्थ स्थानों पर जाता है, तो वह केवल दर्शन करके नहीं लौटता, बल्कि अपने भीतर नई ऊर्जा, नई प्रेरणा और नई चेतना लेकर लौटता है।
मुख्यमंत्री शुक्रवार को ‘मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन यात्रा योजना’के तहत सिरसा से तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब, नांदेड़ (महाराष्ट्र) के लिए तीर्थ यात्रियों की विशेष ट्रेन की रवानगी को लेकर सिरसा में आयोजित समारोह में उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी को सूचना जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक श्री के.एम पांडुरंग ने स्मृति चिह्न भी भेंट किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने श्री नांदेड़ साहिब जाने वाले श्रद्धालुओं में से पांच को रेल टिकट भी दिए। उन्होंने समारोह के बाद विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
ट्रेन में 800 से अधिक तीर्थ यात्री हरियाणा के अलग अलग हिस्सों से जा रहे है। उन्होंने ट्रेन में बैठे श्रद्धालुओं और ट्रेन लेकर जाने वाले रेलवे के अधिकारियो से भी बातचीत की। मुख्यमंत्री ने रवानगी के समय अरदास कार्यक्रम में भी शिरकत की। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने अपने संबोधन में कहा कि उनका सौभाग्य है कि उन्हें सिरसा की ऐतिहासिक धरा से तख्त सचखंड श्री हुजूर साहिब, नांदेड़ के लिए श्रद्धालुओं की विशेष ट्रेन को रवाना करने का अवसर मिला है। यह यात्रा श्रद्धा, आस्था और गुरु साहिबान के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने सभी गुरु साहिबान के पावन चरणों में कोटि-कोटि नमन करते हुए और अरदास करी कि उनकी असीम कृपा सभी पर बनी रहे। मुख्यमंत्री ने सभी साध-संगत को इस मंगलमयी यात्रा की हार्दिक शुभकामनाएं भी दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button