Panchkula

पुलिस भर्ती पीएमटी में व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने स्वयं पहुंचे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

देवी लाल स्टेडियम में पुलिस भर्ती के अभ्यर्थियों से की मुलाकात, बढ़ाया मनोबल

कलम बाण पंचकुला
नरेश सरोहा : हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने आज सेक्टर-3 स्थित ताऊ देवी लाल स्टेडियम में पुलिस भर्ती के लिए आयोजित शारीरिक माप परीक्षण (पीएमटी) में शामिल अभ्यर्थियों से मुलाकात कर वहां की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा ताऊ देवी लाल स्टेडियम में पुलिस कर्मियों की भर्ती प्रक्रिया के तहत अभ्यर्थियों की शारीरिक माप परीक्षण आयोजित की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने परीक्षा में भाग ले रहे अभ्यर्थियों के बीच पहुंचकर उनसे संवाद किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने अभ्यर्थियों से प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं को लेकर फीडबैक भी लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि अभ्यर्थियों और उनके परिजनों की सुविधा के लिए सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

उन्होंने कहा कि व्यवस्थाओं का जायजा लेने और अभ्यर्थियों का उत्साहवर्धन करने के उद्देश्य से वे स्वयं स्टेडियम पहुंचे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरी पीएमटी प्रक्रिया को पारदर्शी, सुव्यवस्थित एवं अभ्यर्थी-अनुकूल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं की गई हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अभ्यर्थियों के साथ आए परिजनों से भी मुलाकात की और उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर अभ्यर्थी खासे उत्साहित नजर आये। कई अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री के साथ सेल्फी भी ली। मुख्यमंत्री ने भी आत्मीयता से उनका अभिवादन स्वीकार करते हुए उनका मनोबल बढ़ाया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button