Panchkula

भाजपा का दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग का समापन

राष्ट्रीय मंत्री ओम प्रकाश धनखड़, प्रदेश प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया सहित अन्य नेता रहे उपस्थित

कलम बाण पंचकूला
नरेश सरोहा : भाजपा जिला पंचकूला का दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग का समापन राष्ट्रीय मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ के संबोधन के साथ संपन्न हो गया। दूसरे दिन के बारहवें एवं अंतिम सत्र की अध्यक्षता राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा ने की। दूसरे दिन के प्रथम सत्र का शुभारम्भ प्रदेश प्रभारी डॉक्टर सतीश पूनिया के संबोधन से हुआ, इस सत्र की अध्यक्षता नवनिर्वाचित नगर महापौर श्याम लाल बंसल ने की। अन्य सत्र के वक्ता रहे प्रदेश पदाधिकारी डॉ. देवेंद्र कुमार मन्याल, कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा, पूर्व कैबिनेट मंत्री कंवरपाल गुर्जर, प्रदेश पदाधिकारी डॉ अरविंद यादव एवं सत्र की अध्यक्षता क्रमशः पूर्व जिला अध्यक्ष विशाल सेठ, कालका विधायिका शक्ति रानी शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष बंतो कटारिया, पूर्व नगर महापौर कुलभूषण गोयल ने की।

इतिहास विकास विषय पर बोलते हुए प्रदेश प्रभारी डॉ सतीश पूनिया ने जनसंघ की स्थापना, जनता पार्टी का विघटन एवं 6 अप्रैल 1980 को भारतीय जनता पार्टी की स्थापना से जुड़े तमाम महत्वपूर्ण बिन्दुओ पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने 1951 से लेकर 2014 तक के काल खंड की विस्तार से व्याख्या करते हुए सांस्कृतिक राष्ट्रवाद, एकात्म मानव दर्शन, अंत्योदय जैसे कालजयी विचारो के महत्त्व को बताते हुए कार्यकर्ताओ का वैचारिक प्रशिक्षण किया। डॉ पूनिया ने मानवीय मूल्यों, आदर्शो पर चर्चा करते हुए कार्यकर्ता निर्माण हेतु विचार – संगठन – जनसमर्थन के महत्त्व को समझाया।

वैचारिक अधिष्ठान विषय पर बोलते हुए ओम प्रकाश धनखड़ ने कहा, राष्ट्र की संस्कृति ही उस राष्ट्र का आधार होती है और संस्कृति से ही देश बनता है। श्री धनखड़ ने कहा, कश्मीर से लेकर समुद्र तक हिन्दुस्तान में सांस्कृतिक एकात्मता है। उन्होंने कहा, विदेशी चिंतको का भी मानना है कि भारत ही एक मात्र ऐसा देश है जो पूरी दुनिया को जीवन जीने की राह दिखा सकता है। उन्होंने कहा कि हमें अपनी विरासत को जानना और समझना चाहिए, भारतीय समाज मूल्य अधिष्ठित समाज है, समाज सदैव त्याग का ही सम्मान करता है।

प्रदेश प्रभारी डॉ सतीश पूनिया ने भव्य प्रशिक्षण वर्ग के आयोजन के लिए जिला अध्यक्ष अजय मित्तल एवं उनकी टीम की प्रशंसा करते हुए बधाई दी। दूसरे दिन के सत्र की शुरुआत सुबह के योग अभ्यास से हुआ एवं दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग में कुल बारह सत्र का आयोजन किया गया। सत्र के उपरांत प्रशिक्षित कार्यकर्ताओ ने डिजिटल माध्यम से परीक्षा देकर जिला प्रशिक्षण वर्ग में सक्रिय भागीदारी का डिजिटल प्रमाण पत्र प्राप्त किया। सत्र का संचालन जिला महामंत्री भवनजीत सिंह ने किया, वर्ग गीत का गायन के. चन्दन, हिमांगी शर्मा, पुष्पा सिंहरोहा, पम्मी कोहली, बलबीर सिसोदिया ने किया एवं जिला महामंत्री जय कौशिक ने सभी अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं का धन्यवाद किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button