एसजेवीएन ने एनजेएचपीएस में आयोजित किया बांध सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम
बांध सुरक्षा, बाढ़ प्रबंधन और आपदा तैयारी पर विशेषज्ञों ने किया जागरूक

कलम बाण शिमला
नरेश सरोहा : झाकड़ी एसजेवीएन द्वारा राष्ट्रीय बांध सुरक्षा प्राधिकरण (एनडीएसए) के सौजन्य से नाथपा झाकड़ी जलविद्युत स्टेशन (एनजेएचपीएस), झाकड़ी में बांध सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बांध सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा जोखिम न्यूनीकरण एवं आपदा पूर्व तैयारी के लिए सक्रिय उपायों को प्रोत्साहित करना रहा।
एसजेवीएन के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक भूपेंद्र गुप्ता ने बताया कि इस कार्यक्रम के माध्यम से स्थानीय समुदायों को बांध सुरक्षा, बाढ़ प्रबंधन और आपदा के समय अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया गया।
इस अवसर पर एसजेवीएन के निदेशक (कार्मिक) अजय कुमार शर्मा ने कहा कि बांध सुरक्षा की संस्कृति को मजबूत करने के लिए सभी स्टेकहोल्डर्स के समन्वित सहयोग, जन-जागरूकता और पर्यावरणीय उत्तरदायित्व की महत्वपूर्ण भूमिका है।
कार्यक्रम का उद्घाटन किन्नौर के उपायुक्त डॉ. अमित शर्मा तथा राष्ट्रीय बांध सुरक्षा प्राधिकरण के सदस्य (प्रशासन एवं वित्त) सौरभ अग्रवाल द्वारा किया गया। स्वागत संबोधन में एनजेएचपीएस के परियोजना प्रमुख राजीव कपूर ने कहा कि क्षेत्र में सामुदायिक जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस प्रकार के कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान आईएमडी, एनडीआरएफ, इसरो, एनआरएससी तथा राज्य प्रशासन के विशेषज्ञों और अधिकारियों ने बांध सुरक्षा, मौसम पूर्वानुमान, आपदा प्रबंधन एवं सामुदायिक सहभागिता पर प्रस्तुतियां दीं। विशेषज्ञों ने आधुनिक तकनीकों और समन्वित प्रयासों के महत्व पर बल देते हुए अपने अनुभव भी साझा किए।
सामुदायिक संवाद सत्र में डाउनस्ट्रीम क्षेत्रों के ग्रामीणों और स्थानीय निवासियों ने अपनी चिंताएं साझा कीं तथा सुरक्षा उपायों और पूर्व चेतावनी प्रणाली को और प्रभावी बनाने के सुझाव दिए। कार्यक्रम के दूसरे चरण में विद्यार्थियों द्वारा जागरूकता रैली, पौधारोपण अभियान और बाढ़ सुरक्षा एवं आपदा जागरूकता पर आधारित नुक्कड़ नाटकों की प्रस्तुतियां भी दी गईं। कार्यक्रम का मुख्य फोकस बांध सुरक्षा, आपदा पूर्व तैयारी, बाढ़ प्रबंधन और सामुदायिक सहभागिता को मजबूत बनाना रहा।
