पंचकूला में मल्टीलेवल पार्किंग बनाई जाएंगी : शाम लाल बंसल
मुख्यमंत्री से मिले मेयर शाम लाल बंसल, पंचकूला के विकास कार्यों पर हुई चर्चा

कलम बाण पंचकूला
नरेश सरोहा : पंचकूला के नवनिर्वाचित मेयर शाम लाल बंसल ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात कर शहर के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने शाम लाल बंसल को नगर निगम चुनाव में शानदार जीत पर बधाई दी और पंचकूला के विकास को लेकर हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
मुलाकात के दौरान मेयर शाम लाल बंसल ने शहर में बढ़ती पार्किंग समस्या का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने पंचकूला में मल्टीलेवल पार्किंग बनाने का सुझाव देते हुए कहा कि शहर में लगातार वाहनों की संख्या बढ़ रही है, जबकि पार्किंग स्थल सीमित होते जा रहे हैं। ऐसे में लोगों को अपने वाहन खड़े करने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
शाम लाल बंसल ने कहा कि जिस प्रकार माता मनसा देवी मंदिर और नाडा साहिब क्षेत्र में मल्टीलेवल पार्किंग बनाई गई है, उसी तर्ज पर पंचकूला में भी विभिन्न स्थानों को चिन्हित कर आधुनिक मल्टीलेवल पार्किंग बनाई जा सकती है। उन्होंने बताया कि स्थान चिन्हित होने के बाद हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण, नगर निगम पंचकूला और पंचकूला महानगर विकास प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ संयुक्त बैठक कर प्रस्ताव को आगे बढ़ाया जाएगा।
मेयर शाम लाल बंसल ने कहा कि मल्टीलेवल पार्किंग आज समय की मांग है और नगर निगम चाहता है कि शहरवासियों को वाहन पार्किंग के लिए किसी प्रकार की परेशानी न उठानी पड़े। उन्होंने बताया कि इस विषय पर मुख्यमंत्री के साथ सकारात्मक चर्चा हुई है। इसके अलावा पंचकूला में चल रहे और प्रस्तावित कई अन्य विकास परियोजनाओं पर भी मुख्यमंत्री और मेयर के बीच विचार-विमर्श हुआ। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आश्वासन दिया कि पंचकूला के विकास कार्यों के लिए फंड की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार पंचकूला के लिए नए प्रोजेक्ट लाएगी और शहर के विकास को नई गति प्रदान की जाएगी।



