गुरुग्राम में तेजी से मजबूत हो रहा आधारभूत ढांचा, विकास कार्यों को मिल रही नई रफ्तार : राव नरबीर सिंह

कलम बाण गुरुग्राम
देवी सिंह सहरावत : हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने गुरुग्राम नगर निगम क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति देते हुए आज वार्ड 3, वार्ड 4 और वार्ड 6 में 28 करोड़ से अधिक राशि की 27 विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शहर के समग्र विकास, बेहतर आधारभूत सुविधाओं और नागरिकों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने विकास परियोजनाओं का शिलान्यास करने उपरांत उपस्थितजन को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में केंद्र व हरियाणा सरकार विकास को जनहित से जोड़ते हुए योजनाओं को तेजी से जमीन पर उतारने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल परियोजनाओं की घोषणा करना नहीं, बल्कि निर्धारित समय में उन्हें पूरा कर आमजन को सीधा लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सड़क, सीवरेज, जल निकासी, पेयजल, बिजली तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी परियोजनाओं को प्राथमिकता के साथ लागू किया जा रहा है, ताकि लोगों को बेहतर और सुविधाजनक जीवन वातावरण मिल सके।
धर्मपुर गांव के आसपास की जलमग्न भूमि के स्थायी समाधान की दिशा में गंभीरता से कार्य कर रही है हरियाणा सरकार
कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि धर्मपुर गांव तथा आसपास के क्षेत्रों में जलभराव की समस्या लंबे समय से बनी हुई है, जिसके स्थायी समाधान के लिए हरियाणा सरकार गंभीरता से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि वे स्वयं इस विषय को लेकर लगातार दिल्ली सरकार और केंद्र सरकार के साथ समन्वय बनाए हुए हैं, ताकि प्रभावित भूमि को जलभराव से मुक्त कराया जा सके। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल समस्या का समाधान करना नहीं, बल्कि इस क्षेत्र को एक विकसित और आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में तैयार करना भी है।
वार्ड 3, वार्ड 4 एवं वार्ड 6 में 27 विकास परियोजनाओं पर खर्च की जाएगी 28 करोड़ से अधिक राशि
वार्ड नंबर 3 में क्षेत्रवासियों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से करीब 2 करोड़ 24 लाख 68 हजार रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों की आधारशिला रखी गई। इन परियोजनाओं में सेक्टर-21 मुख्य मार्केट की पार्किंग एवं सौंदर्यीकरण, कार्टरपुरी फिरनी में सीसी रोड निर्माण, नए ड्रेन का निर्माण, छिप्पी कॉलोनी से ओल्ड दिल्ली रोड तक आरसीसी ड्रेन एवं फुटपाथ निर्माण, सीवर लाइनों की सफाई, पानी की सप्लाई लाइन बिछाने तथा आंतरिक गलियों के निर्माण जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं। इन परियोजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र में यातायात, जल निकासी, स्वच्छता एवं मूलभूत सुविधाओं में व्यापक सुधार होगा।



