
कलम बाण अमृतसर
राकेश : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी अमृतसर में सैनी समाज ट्रस्ट द्वारा आयोजित मिलन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने ट्रस्ट द्वारा तैयार की गई वेबसाइट का शुभारंभ किया। उन्होंने बताया कि इस वेबसाइट के माध्यम से समाज की गतिविधियों के साथ-साथ अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां भी साझा की जाएंगी। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि आज उन्हें समाज के परिवारजनों से मिलने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि जो जिम्मेदारी आज उनके पास है, वह देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा सौंपी गई है। इस सम्मान के लिए उन्होंने सभी से एकजुट होकर आगामी विधानसभा चुनाव में कार्य करने और 2027 में पंजाब में भाजपा की सरकार बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत तेज गति से आगे बढ़ रहा है, जो हम सभी के लिए गर्व का विषय है।
हरियाणा में महिलाओं के लिए लाडो लक्ष्मी योजना सहित अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं और राशि सीधे उनके खातों में स्थानांतरित की जा रही है। चौथी किस्त के अंतर्गत लगभग 634 करोड़ रुपये की राशि लाभार्थियों को भेजी गई है। सैनी ने बताया प्रदेश सरकार द्वारा किसानों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं शुरू की गई है किसानों के हित में ट्यूबवेल की 5 एचपी और 10 एचपी मोटरों को सोलर ऊर्जा से संचालित करने की योजना लागू की गई है, ताकि बिजली बिल में कमी आए। इस योजना में 45 प्रतिशत अनुदान हरियाणा सरकार और 45 प्रतिशत केंद्र सरकार द्वारा दिया जा रहा है, जबकि 10 प्रतिशत राशि किसान को स्वयं वहन करनी होती है। 15 एचपी तक की सोलर स्कीम भी संचालित की जा रही है।
सैनी ने सैनी समाज एवं प्रबुद्धजनों से आह्वान किया कि पंजाब को मजबूत और अग्रणी राज्य बनाने के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा और 2027 में भाजपा की सरकार बनाने का संकल्प लेना होगा।



