स्वच्छ वातावरण के निर्माण के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग का जुड़ाव होना है आवश्यक : मंत्री राव नरबीर सिंह

कलम बाण गुरुग्राम
निशा सहरावत : हरियाणा के पर्यावरण, वन एवं वन्य जीव मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार गुरुग्राम में प्रदूषण कम करने और स्वच्छता बनाए रखने के लिए विभिन्न स्तरों पर कार्य कर रही है, लेकिन इस दिशा में जनभागीदारी की भूमिका सबसे अधिक महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि केवल सरकारी प्रयासों से स्वच्छता संभव नहीं है, जब तक आमजन सक्रिय रूप से इसमें सहयोग नहीं करेंगे। स्वच्छ वातावरण के निर्माण के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग का जुड़ाव आवश्यक है। कैबिनेट मंत्री आज गुरुग्राम में आयोजित फूल महोत्सव कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि वर्ष 2013 से पॉलिथीन पर प्रतिबंध लागू है, बावजूद इसके आज भी लोग इसका उपयोग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमें स्वयं पहल करते हुए पॉलिथीन का उपयोग बंद करना चाहिए, ताकि अन्य लोग भी प्रेरित हों। उन्होंने कहा कि इंदौर पिछले कई वर्षों से स्वच्छता सर्वेक्षण में शीर्ष स्थान पर बना हुआ है और यह उपलब्धि वहां की मजबूत जनभागीदारी के कारण संभव हुई है। उन्होंने आह्वान किया कि स्वच्छ और स्वस्थ समाज का निर्माण ही विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में अहम भूमिका निभाएगा।



