Chandigarh

वाजपेयी का राष्ट्र निर्माण में दिया गया योगदान हमेशा देश को नई दिशा देता रहेगाः राज्यपाल

कलम बाण चंडीगढ़
नरेश सरोहा : हरियाणा के राज्यपाल प्रोफेसर असीम कुमार घोष ने आज देश के पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन पर आधारित एक कॉफी-टेबल पुस्तक के विमोचन समारोह में शिरकत की। कार्यक्रम का आयोजन दिल्ली के डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में किया गया। यह पुस्तक पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय गोयल द्वारा लिखी गई है।
इस अवसर पर संबोधित करते हुए राज्यपाल प्रोफेसर असीम कुमार घोष ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी का राष्ट्र निर्माण में दिया गया योगदान देश को हमेशा नई दिशा देता रहेगा। उन्होंने कहा कि यह पुस्तक नई पीढ़ी के लिए विशेष रूप से उपयोगी है, क्योंकि इसमें श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी के सार्वजनिक जीवन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान के ऐसे पक्षों को सामने लाया गया है, जो सामान्यतः कम चर्चित रहे हैं। पुस्तक के माध्यम से पाठक उनके व्यक्तित्व की गहराई, संवेदनशीलता और दूरदर्शिता को बेहतर ढंग से समझ सकेंगे।
राज्यपाल प्रोफेसर असीम कुमार घोष ने श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी के साथ कार्य करने के अनुभव साझा करते हुए बताया कि वे उनके नेतृत्व, प्रशासनिक दक्षता से अत्यंत प्रभावित रहे। उन्होंने कहा कि अनेक सहयोगी दलों और विभिन्न विचारधाराओं के बीच संतुलन बनाते हुए वाजपेयी जी ने जिस प्रकार सरकार का सफल संचालन किया, वह भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में एक उल्लेखनीय उपलब्धि है। भारतीय राजनीति में वाजपेयी जी के उदय के साथ एक नई परंपरा और नई राजनीतिक संस्कृति की शुरुआत हुई, जो राष्ट्रहित, संवाद और समावेशी सोच पर आधारित थी।उनका कार्यकाल देश के लिए एक स्वर्णिम अध्याय रहा है, जिसे हमेशा याद किया जाता रहेगा। उनके नेतृत्व में भारत ने शांति और दृढ़ता—दोनों मोर्चों पर सशक्त भूमिका निभाई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button