उमरी में 124 करोड़ रुपए की लागत से बनेगा संत शिरोमणि गुरु रविदास भवन व म्यूजियम

कलम बाण कुरुक्षेत्र
सुरेश वर्मा : हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि कुरुक्षेत्र के उमरी में आयोजित होने वाली संत शिरोमणि गुरु रविदास की 649वीं जयंती पर महाकुंभ होगा। गुरु रविदास जयंती के उपलक्ष्य में राज्य स्तरीय समारोह 31 जनवरी को आयोजित किया जाएगा। इस समारोह में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि तथा केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे, जबकि समारोह की अध्यक्षता विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार स्वयं करेंगे। इस समारोह में प्रदेशभर से भारी संख्या में नागरिकों के आने की उम्मीद है। इसके साथ ही अन्य प्रदेशों से प्रमुख संत समाज व बुद्धिजीवी भी समारोह में हिस्सा लेंगे।
विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार बुधवार को कुरुक्षेत्र के उमरी में समारोह स्थल का निरीक्षण करने के लिए पहुंचे थे।मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि उमरी में 124 करोड़ रुपए की लागत से संत शिरोमणि गुरु रविदास भवन व म्यूजियम को बनाया जाएगा। जो संत रविदास के जीवन, शिक्षाओं और भक्ति आंदोलन को समर्पित होगा। इस परियोजना का निर्माण कार्य जल्द ही शुरू किया जाएगा।
इस परियोजना की टेंडर प्रक्रिया चली हुई है, इसके बाद इसे हाई पावर परचेज कमेटी से पास करवाकर जल्द ही निर्माण कार्य शुरू करवाया जाएगा। भवन में सबसे ऊपर गुरु रविदास की 38 मीटर की मूर्ति लगाई जाएगी, जो नेशनल हाईवे से आने-जाने वालों को स्पष्ट नजर आएगी।



