General

गुरुग्राम की सफाई व्यवस्था सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता : मंत्री विपुल गोयल

सफाई व्यवस्था में वार्ड स्तर पर चलाया जाए अभियान, विजेता वार्ड को मुख्यमंत्री के हाथों मिलेगा सम्मान

कलम बाण गुरुग्राम
मंजीत सिंह : हरियाणा के शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल ने कहा है कि गुरुग्राम की सफाई व्यवस्था को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप पूर्ण कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों से आह्वान किया कि वे इस कार्य को अभियान के रूप में लेते हुए अपनी जिम्मेदारियों का शत-प्रतिशत निर्वहन करें और गुरुग्राम को एक सुंदर एवं स्वच्छ शहर बनाने में सक्रिय योगदान दें।
शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल सोमवार को गुरुग्राम स्थित बंधवाड़ी प्लांट का निरीक्षण करने के उपरांत पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में आयोजित समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने नगर निगम अधिकारियों से शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर अब तक किए गए कार्यों की विस्तृत रिपोर्ट ली। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम एक वैश्विक शहर है और यहां किए जाने वाले प्रयासों का संदेश अंतरराष्ट्रीय स्तर तक जाता है। संबंधित अधिकारी सफाई व्यवस्था के साथ-साथ सी एंड डी वेस्ट (निर्माण एवं विध्वंस मलबा) के चिन्हित स्थलों पर त्वरित सुधार सुनिश्चित करें।

गोयल ने नगर निगम अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे सफाई व्यवस्था को वार्ड स्तर पर क्रियान्वित करें। पहले से निर्धारित प्रक्रिया में परिवर्तन करते हुए प्रत्येक वार्ड को स्वतंत्र इकाई मानकर काम किया जाए, जिसमें किसी प्रकार की संसाधनों की कमी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक वार्ड में सी एंड डी वेस्ट के प्रबंधन हेतु एक जेसीबी मशीन, तीन ट्रैक्टर और चार से पांच कर्मचारियों की टीम को संबंधित वार्ड पार्षद के साथ अटैच किया जाए। साथ ही निगम की ओर से संबंधित कनिष्ठ अभियंता एवं एसडीओ को भी उस टीम में शामिल किया जाए। निर्धारित संसाधनों की उपलब्धता के उपरांत हर वार्ड में एक माह तक सघन सफाई अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि इस अभियान के दौरान सर्वश्रेष्ठ कार्य करने वाले वार्ड को मुख्यमंत्री के हाथों नकद पुरस्कार देकर सम्मानित भी किया जाएगा।
इस दौरान बैठक में गुरुग्राम के डीसी अजय कुमार, गुरुग्राम नगर निगम आयुक्त प्रदीप दहिया, फरीदाबाद नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा सहित नगर निगम एवं जीएमडीए के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button