PunjabPolitics

पंजाब में नशे और अपराध पर सख्त प्रहार करेगी भाजपा : मुख्यमंत्री

कलम बाण चंडीगढ़
मिलन सिंह : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि युवाओं की नई सोच और सकारात्मक ऊर्जा से प्रदेश और देश को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने पंजाब की वर्तमान स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि पिछले कुछ वर्षों में वहां नशे की समस्या गंभीर रूप से बढ़ी है, जिसका दुष्प्रभाव युवा पीढ़ी पर पड़ा है। युवाओं को नशे की प्रवृत्ति से दूर रखना समय की मांग है और भारतीय जनता पार्टी उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री शनिवार को चंडीगढ़ में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि नशे के विरुद्ध जागरूकता बढ़ाने के लिए हरियाणा में साइक्लोथॉन और मैराथन जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें बड़ी संख्या में युवा भाग ले रहे हैं। अवैध नशा कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जा रही है और उनकी संपत्तियां भी अटैच की जा रही हैं। विश्वविद्यालयों और शिक्षण संस्थानों में विशेष जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं।
बढ़ते अपराधों पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ कर शांति, सुरक्षा और स्थिरता सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकता होगी। उन्होंने आम आदमी पार्टी की सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वह अपने वादों को पूरा करने में विफल रही है और जनता अपेक्षित परिणाम नहीं देख पा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने उल्लेखनीय प्रगति की है और वैश्विक स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा सुदृढ़ हुई है। बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में सड़क, राष्ट्रीय राजमार्ग और कनेक्टिविटी के विस्तार से विकास को नई गति मिली है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button